जिलाध्यक्ष बने युधिष्ठिर, महानगर अध्यक्ष राजेश
भाजपा ने बुधवार की देर रात गोरखपुर महानगर और जिला सहित गोरखपुर क्षेत्र के कुल नौ जिलों में अध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए। गोरखपुर में युधिष्ठिर सिंह सैंथवार को जिलाध्यक्ष और राजेश गुप्त को महानगर अध्यक्ष चुना गया है। महराजगंज में परदेशी रविदास, बस्ती में महेश शुक्ल और सिद्धार्थनगर में गोविंद माधव जिलाध्यक्ष चुने गए हैं।
20 नवम्बर को सभी जिलों में एक साथ अध्यक्ष पद के चुनाव हुए थे। गोरखपुर में महानगर अध्यक्ष के लिए 10 और जिलाध्यक्ष के लिए 13 नेताओं ने पर्चा भरा था। मण्डल अध्यक्ष और हर मण्डल के एक-एक प्रतिनिधि मिलकर अध्यक्ष का चुनाव करते हैं। इस तरह महानगर में कुल घोषित छह मण्डल अध्यक्ष और छह जिला प्रतिनिधि यानि कुल 12 वोटर थे और जिलाध्यक्ष पद के लिए 48 वोटर लेकिन हाईकमान के निर्देशानुसार मतदान नहीं हुआ। चुनाव अधिकारियों ने मतदाताओं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार विमर्श जरूर किया। उसी दिन बता दिया गया था कि नए चुने गए अध्यक्षों की घोषणा जल्द ही लखनऊ से की जाएगी। तभी से सभी को बेसब्री से इसका इंतजार था। बुधवार को देर रात प्रदेाश चुनाव अधिकारी आशुतोष टण्डन गोपाल ने गोरखपुर सहित क्षेत्र के नौ जिलों के अध्यक्षों के नाम घोषित किये। इनमें मऊ जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, बलिया जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, आजमगढ़ जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह और लालगंज जिलाध्यक्ष ऋषि कांत राय का नाम भी शामिल है।
मोदी-योगी का मिशन पूरा करेंगे
महानगर अध्यक्ष बनने के बाद राजेश गुप्ता ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन को पूरा करने के लिए जी जान लगा देंगे। राजेश अभी तक महानगर महामंत्री थे। इसके पहले वार्ड, मण्डल और महानगर इकाई में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। जिलाध्यक्ष चुने गए युधिष्ठिर सिंह सैंथवार इसके पहले जिला महामंत्री थे। वह भी संगठन में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं।
जिलाध्यक्ष को तो बदलना था, महानगर अध्यक्ष भी बदल गये
पार्टी संविधान के मुताबिक जिलाध्यक्ष पद पर दो बार रह चुके जनार्दन तिवारी को बदला जाना तय था। लेकिन महानगर अध्यक्ष पद पर राहुल श्रीवास्तव की दूसरी बार प्रबल दावेदारी मानी जा रही थी। बुधवार को उनकी जगह पार्टी ने राजेश गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई तो यह कई लोगों के लिए चौंकाने वाली बात थी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित कई नेताओं ने बधाई दी
क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ सत्येंद्र सिंह, बृजेश राम त्रिपाठी, बृजेश मणि मिश्र, रणजीत राय बड़े, रितेश सिंह बब्बू सहित कई नेताओं ने नए चुने गए अध्यक्षों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।