मनुष्यता बचाये रखने को कलम चलाएं साहित्यकार
इतिहास, मिथक और परम्परा के गूढ़ अर्थ को समझते हुये लिखना लेखक का दायित्व है। स्वस्थ परंपराओं से जुड़कर लिखने वाले लेखक ही लेखन के क्षेत्र में अपना इतिहास रचते हैं। गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. रामदेव शुक्ल ने ये बातें रविवार को जनवादी लेखक संघ(जलेस) के जिला सम्मेलन के उदघाटन सत्र में कही।
जलेस गोरखपुर के पूर्व अध्यक्ष डॉ. लाल बाबू श्रीवास्तव की स्मृति में बने सभागार में का उद्घाटन करते हुये राज्य सचिव डॉ. नलिन रंजन सिंह ने कहा कि आज की स्थितियां बहुत ही विकट हैं। ऐसे में लेखकों-साहित्यकारों के समक्ष चुनौतियां भी काफी गहरी हैं। लेखकों को इससे निपटना ही होगा। उन्होंने कहा कि यह कि मिथकों को दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से इतिहास बनाने का नियोजित प्रयास किया जा रहा है। लगता है कि मौजूदा व्यवस्था को देश की परम्पराओं का भी ज्ञान नहीं है। जलेस उप्र के उपसचिव विशाल श्रीवास्तव ने कहा कि साहित्य में प्रतिरोध की संस्कृति हमेशा बनी रही है। इसके बगैर साहित्य को साहित्य कहना बेमानी होगा। लेखकों को इसे समझना ही होगा। डॉ. ज्ञान प्रकाश चौबे ने कहा कि साहित्य मनुष्य को मनुष्य बनाये रखने का काम करता है। ऐसे में लेखकों का नैतिक दायित्व यही है कि मनुष्य और मनुष्यता को बचाए रखने में ही अपनी लेखनी का इस्तेमाल करें। कार्यक्रम के अगले सोपान में वरिष्ठ कवियों के साथ युवा कवियों ने काव्य पाठ किया। जिनमें महेश अश्क, नलिन रंजन सिंह, विकास श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश चौबे, शरद चन्द्र श्रीवास्तव, वेद प्रकाश, सुरेश चंद गौरव पाण्डेय तथा सतविंदर कौर ने काव्य पाठ किया। अध्यक्षता जयप्रकाश मालिक व संचालन प्रदीप सुविज्ञ ने किया। सम्मेलन में दिवंगत साहित्यकार बादशाह हुसैन रिजवी, डॉ. परमानंद श्रीवास्तव, डॉ. लाल बाबू श्रीवास्तव, सुरेन्द्र काले, सत्यनारायण मिश्र सत्तन, जगदीश नारायण श्रीवास्तव की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी।
नई कार्यकारिणी का हुआ गठन
जलेस की नयी कार्यकारिणी का गठन हुआ। जिसमें जयप्रकाश मल्ल अध्यक्ष, डॉ. शरद चन्द्र श्रीवास्तव व रमेश चंद उपाध्यक्ष, प्रमोद कुमार सचिव, वेद प्रकाश कार्यवाहक सचिव, डॉ रंजना जायसवाल व ओंकार नाथ त्रिपाठी उपसचिव, योगेन्द्र यादव जिज्ञासु कोषध्यक्ष और महेन्द्रनाथ श्रीवास्तव, डॉ बृजेश मणि त्रिपाठी, प्रबोध सिन्हा, संजय कुमार आर्य, विनय अजीज को सदस्य चुना गया।